CG : कांग्रेस नेता के बेटे से दो महीने पहले हुई थी शादी , फंदे से लटकती मिली लाश ,राजनांदगांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : राजनांदगांव जिले में एक नवविवाहिता की लाश घर में पंखे से लटकी हुई मिली है। मृतका की शादी को केवल दो महीने ही हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। यह मामला घुमका थाना क्षेत्र का है।

रुपयों की मांग और मारपीट का आरोप

मृतका के परिजनों का कहना है कि दामाद अक्सर उनकी बेटी से पैसों की मांग करता था। जब पैसे नहीं दिए जाते थे, तो वह मारपीट करता था और धमकाता था। परिजनों ने यह भी बताया कि दामाद ने खुद स्वीकार किया था कि वह पहले भी जेल जा चुका है। आरोपी सोनल द्विवेदी, जो कि घुमका के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश द्विवेदी का बेटा है, पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया

शनिवार शाम को करीब 6 बजे भूमिका दुबे (24) की लाश ससुराल के एक कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली। ससुराल पक्ष का दावा है कि भूमिका ने आत्महत्या की है। भूमिका की शादी 22 जनवरी 2025 को सोनल द्विवेदी (28) से हुई थी, जो ड्राइवरी का काम करता है।

परिजनों का हंगामा और हत्या की आशंका

मृतका के पिता सजीवन दुबे अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ रात करीब 8 बजे घुमका पहुंचे। वहां उन्होंने ससुराल के सामने जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दामाद लगातार भूमिका को पैसों के लिए प्रताड़ित करता था।

दूसरी ओर, आरोपी पति सोनल का कहना है कि भूमिका किसी अन्य युवक से बात करती थी, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पूरी रात थाने में गुजारी

भूमिका के मायके पक्ष के लोगों ने पूरी रात घुमका में बिताई। अगले दिन रविवार सुबह वे थाने पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की जांच अभी जारी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi