भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक पति ने अपनी जान के डर से ऐसा फैसला लिया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। उसने न सिर्फ अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया, बल्कि खुद अपने दो साल के बेटे की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठा ली।
मामला जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां के रहने वाले पम्मी प्रजापति की शादी चार साल पहले मिर्जापुर निवासी तंजय से हुई थी। शादी के एक साल बाद दोनों के घर बेटे का जन्म हुआ। तंजय पत्नी और बच्चे के साथ मुंबई में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
तंजय के अनुसार, उसकी पत्नी कॉलेज के समय से ही अपने प्रेमी राजू बैरागी के संपर्क में थी। आरोप है कि 2 जनवरी को पम्मी बिना बताए अपने प्रेमी के साथ मुंबई से जौनपुर चली गई। काफी तलाश के बाद भी जब पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला, तो तंजय ने महाराष्ट्र पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद पत्नी का फोन आया, जिसने पति को अंदर तक हिला दिया। पम्मी ने साफ कह दिया कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी और उसी के साथ जौनपुर जा रही है। काफी समझाने के बाद भी जब पत्नी अपने फैसले पर अड़ी रही, तो तंजय ने परिवार को पूरी बात बताकर उसे छोड़ने का निर्णय ले लिया।
बताया जा रहा है कि प्रेमी राजू बैरागी पम्मी के पड़ोसी गांव का रहने वाला है और दोनों कॉलेज में साथ पढ़ते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
शुक्रवार को तंजय ने पम्मी और उसके प्रेमी के परिजनों तथा अधिवक्ताओं की मौजूदगी में बड़ा कदम उठाया। कचहरी पहुंचकर कानूनी सलाह लेने के बाद उसने मंदिर में पत्नी की उसके प्रेमी राजू बैरागी से शादी कराई। शादी के बाद दोनों को आशीर्वाद देकर विदा कर दिया गया। लिखित समझौते के तहत तंजय अपने दो वर्षीय बेटे को अपने साथ रखते हुए पत्नी को जाने देने पर सहमत हुआ।
तंजय का कहना है कि जब उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ खुश है, तो उसे जबरदस्ती अपने साथ रखना सही नहीं होगा। उसने यह फैसला इसलिए भी लिया, क्योंकि उसे डर था कि प्रेम में बाधा बनने पर उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है और उसकी हत्या भी हो सकती थी।
वहीं, पत्नी पम्मी का आरोप है कि उसकी शादी उसकी मर्जी के बिना झूठ बोलकर कराई गई थी। उसका कहना है कि शादी से पहले पति के पास फ्लैट और प्रॉपर्टी होने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में ऐसा नहीं निकला। पम्मी ने बताया कि वह अपने कॉलेज के प्रेमी राजू बैरागी के साथ खुश है और अब उसी के साथ रहना चाहती है।
बताया गया है कि राजू बैरागी की पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन उसकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद पम्मी से बातचीत के दौरान दोनों करीब आए और साथ रहने का फैसला किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे




