मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है, जहां एमजी रोड चौपाटी और आसपास ठेले लगाने वाले व छोटे व्यापारियों को ऑनलाइन फाइनेंस और प्री-अप्रूव्ड लोन का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुदित पाठे उर्फ कृष पवार (उम्र 19 वर्ष), पिता विजय कुमार पाठे के रूप में हुई है। आरोपी मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा का निवासी है और दसवीं पास करने के बाद पढ़ाई छोड़कर फाइनेंस सेक्टर में काम की चाह लेकर रायपुर आया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ठेले वालों और छोटे व्यापारियों से दोस्ताना व्यवहार करता था। वह विभिन्न ऑनलाइन फाइनेंस, कैशबैक और इन्वेस्टमेंट ऐप्स की जानकारी जुटाकर शुरुआत में पीड़ितों को वास्तविक फायदे दिलवाता था, जिससे उनका भरोसा आसानी से जीत लेता था।
विश्वास बनने के बाद आरोपी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य निजी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लेता था। लोन प्रक्रिया आसान कराने और प्रोसेसिंग फीस माफ कराने जैसे बहानों से वह पीड़ितों को पूरी तरह आश्वस्त कर देता था।
इसके बाद अलग-अलग फाइनेंस ऐप्स के जरिए पीड़ितों के नाम पर प्री-अप्रूव्ड लोन स्वीकृत कराकर रकम को अपने ऑनलाइन वॉलेट और अन्य खातों में ट्रांसफर कर लेता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी एक दर्जन से अधिक फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट ऐप्स का इस्तेमाल कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता पहले इंश्योरेंस सेक्टर में कार्यरत थे, लेकिन कोरोना काल के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई। इसी कारण उसने पढ़ाई छोड़ दी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से फाइनेंस व निवेश से जुड़ी जानकारी हासिल की। उसका मकसद ठगी से जुटाई गई रकम से अपने गृह नगर में मोबाइल की दुकान खोलना था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता और एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने साक्ष्यों की समीक्षा कर कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षक मुकेश शर्मा के नेतृत्व में मौदहापारा पुलिस ने ट्रेन से फरार होने से ठीक पहले आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के सुपरविजन में पुलिस ने आरोपी से दर्जनभर बैंक कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही ऑनलाइन वॉलेट्स के जरिए रकम को इधर-उधर करने के सबूत भी मिले हैं। फिलहाल बैंक खातों, मोबाइल और ऐप्स की गहन जांच जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों, खासकर छोटे व्यवसायियों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन लोन या फाइनेंस ऑफर में अपने दस्तावेज और मोबाइल फोन अनजान लोगों को सौंपने से पहले पूरी सतर्कता बरतें।
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे



