जानकारी के मुताबिक, बीजेपी जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल द्वारा जारी 13 मंडल अध्यक्षों की सूची को रोक दिया गया है। साथ ही मंडल अध्यक्षों की ओर से जारी दूसरी सूची भी स्थगित कर दी गई है।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि 10 मंडलों में विरोध और दो-दो सूचियां सामने आने के बाद मामला लगातार बढ़ता गया। अब संगठन ने पूरी प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू करने का फैसला लिया है।
दरअसल, 19 अप्रैल की रात जैसे ही सूची जारी हुई, असंतोष सामने आने लगा। मंडल अध्यक्षों का आरोप था कि उनके भेजे गए नामों को नजरअंदाज कर मनमर्जी से लोगों को शामिल किया गया।
20 अप्रैल को विवाद और गहरा गया, जब 13 में से 10 मंडल अध्यक्षों ने आधिकारिक सूची को मानने से इनकार कर दिया और अपनी अलग सूची जारी कर दी। इससे कई मंडलों में दो-दो अध्यक्ष घोषित हो गए और संगठन के भीतर भ्रम की स्थिति बन गई।
स्थिति ऐसी हो गई कि जिला नेतृत्व और मंडल अध्यक्षों के बीच बातचीत तक बंद हो गई। इसी बीच 10 मंडल अध्यक्षों ने भिलाई-3 चरोदा में एक गोपनीय बैठक कर आगे की रणनीति बनाई और बाद में बिना जिला नेतृत्व से मिले सीधे रायपुर रवाना हो गए।
मामला बढ़ने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने सभी पदाधिकारियों को रायपुर बुलाया। बैठक में जिला, मंडल और भाजयुमो पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने बताया कि जिला और मंडल स्तर की सभी नियुक्तियां स्थगित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में जारी सूची में कुछ तकनीकी विसंगतियां सामने आई थीं, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।
वहीं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि संगठन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पहलुओं पर पुनर्विचार कर जल्द ही नई सूची जारी की जाएगी।
विवाद के दौरान यह भी आरोप लगे कि सूची में कुछ विवादित छवि वाले नाम शामिल किए गए थे। जिला प्रभारी रामजी भारती ने भी कहा कि उन्हें इस सूची की पूर्व जानकारी नहीं थी और न ही उनकी सहमति ली गई थी।
भिलाई-चरौदा, कोहका, वैशाली नगर, सुपेला, कैंप, पूरब, पश्चिम, जामुल, खुर्सीपार और कुम्हारी जैसे मंडलों में अलग-अलग सूचियां आने से संगठन में असमंजस की स्थिति बन गई थी।
अब आलाकमान के हस्तक्षेप के बाद यह साफ हो गया है कि पूरी प्रक्रिया नए सिरे से शुरू होगी और सभी की नजरें नई सूची पर टिकी हैं।
विज्ञापन
यह भी पढ़े : गर्मी में बढ़ रहा हार्ट अटैक का खतरा! जानिए कैसे हीट वेव बना रही दिल के लिए खतरा, बचाव के 6 जरूरी तरीके!
यह भी पढ़े : अजब -गजब! शौच के दौरान ज्यादा जोर लगाने से महिला की 10 साल की याददाश्त गायब, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
यह भी पढ़े :गर्मी में बढ़ रहा हार्ट अटैक का खतरा! जानिए कैसे हीट वेव बना रही दिल के लिए खतरा, बचाव के 6 जरूरी तरीके!
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे
https://chat.whatsapp.com/JZB9JQxil72096VB79T4RL?mode=hqctcla



