बिलासपुर में कल से राज्य युवा महोत्सव का आगाज, CM साय करेंगे शुभारंभ, 3000 युवा दिखाएंगे हुनर..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिलासपुर में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का बड़ा मंच सजने जा रहा है। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 23 से 25 दिसंबर तक राज्य युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के हजारों युवा हिस्सा लेंगे।

राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई, बिलासपुर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। इस दौरान 14 सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में प्रदेश के करीब 3000 युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की भी लॉन्चिंग की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं 25 दिसंबर को समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 के तारतम्य में आयोजित इस राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। प्रतियोगिताएं कुल 14 विधाओं में होंगी, जिनमें आठ दलीय और छह एकल विधाएं शामिल हैं।

दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी की प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं। लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन के विजेता प्रतिभागी नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

महोत्सव में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। दलीय विधाओं में प्रथम पुरस्कार 20 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपए दिया जाएगा। वहीं एकल विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा हर प्रतिभागी को 1000 रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

राज्य युवा महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा। 23 दिसंबर को बहतराई में शाम 5 से रात 8 बजे तक आरूग बैण्ड (श्री अनुज शर्मा) की प्रस्तुति और नारायणपुर के प्रसिद्ध मल्लखंब का प्रदर्शन होगा। उसी दिन बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में रात साढ़े 8 बजे से कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉ. कुमार विश्वास समेत अन्य कवि कविता पाठ करेंगे।

24 दिसंबर को बहतराई में शाम 6 बजे से काफिला बैण्ड और स्वप्निल लाइव बैण्ड की प्रस्तुति होगी। वहीं 25 दिसंबर को शाम 6 बजे से आरू साहू और दायरा (बस्तर) बैण्ड अपनी प्रस्तुति देंगे। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

यह भी पढ़े -बुढ़ापे तक याददाश्त चाहिए मजबूत तो आज ही शुरू करें वेट ट्रेनिंग! घटेगा डिमेंशिया का खतरा: साइंस स्टडी का बड़ा खुलासा, दिमाग और शरीर दोनों होंगे मजबूत..

यह भी पढ़े -भारतमाला घोटाले में बड़ा खुलासा: EOW ने 7600 पन्नों का चालान पेश किया, करोड़ों का मुआवजा डकारने का आरोप.

यह भी पढ़े - लॉज के कमरे में जिंदा जले प्रेमी-प्रेमिका, संदिग्ध हालात में दर्दनाक मौत! हादसा या साजिश? फॉरेंसिक रिपोर्ट खोलेगी राज.

यह भी पढ़े - चाय के बाद पानी पीने से पाचन, दांत और एसिडिटी पर असर पड़ता है या नहीं? जानें हेल्थ एक्सपर्ट्स की सलाह

यह भी पढ़े -गले में कोबरा डालकर बना रहा था रील युवक , सांप के डसते ही हुई मौत..

यह भी पढ़े  -छत्तीसगढ़ की बेटियों को तोहफा: कॉलेज पढ़ाई के लिए हर साल 30 हजार देगी सरकार, जल्द शुरू होगा पंजीयन..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे 

https://chat.whatsapp.com/IpwXxsrsm4JK3nX8WVmi1J