61 दिन पहले जिसकी अधजली लाश जली मिली, वही युवक थाने पहुंचा जिंदा — दोस्त अब भी जेल में, पुलिस भी रह गयी हैरान ..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : जशपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर पूरे इलाके को चौंका दिया।

जिस युवक को 61 दिन पहले मृत घोषित कर मर्डर केस बंद कर दिया गया था, वही युवक जिंदा हालत में थाने पहुंच गया। युवक ने पुलिस से साफ कहा— मैं जिंदा हूं, मेरा मर्डर नहीं हुआ।

यह पूरा मामला जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। युवक का नाम सीमित खाखा (30) बताया गया है। पुलिस के अनुसार, रोजगार की तलाश में वह झारखंड चला गया था, लेकिन उसकी अनुपस्थिति में उसे मृत मान लिया गया और हत्या का केस दर्ज कर दिया गया।

61 दिन बाद जिंदा लौटा मृत युवक, जशपुर मर्डर केस में बड़ा खुलासा

जानकारी के मुताबिक, 61 दिन पहले सीमित खाखा की आधी जली हुई लाश मिलने का दावा किया गया था। इस मामले में उसके तीन दोस्तों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। आरोपियों ने कमीशन के पैसों को लेकर हुए विवाद में हत्या करना भी कबूल किया था।

शनिवार रात थाने पहुंचा जिंदा युवक

शनिवार की रात पूरा मामला उस समय पलट गया, जब तथाकथित मृतक सीमित खाखा ग्राम पंचायत सिटोंगा की सरपंच कल्पना खलखो के साथ सिटी कोतवाली थाना पहुंचा। सरपंच कल्पना खलखो ने बताया कि सीमित झारखंड से आने वाली बस से उतरा और सिटोंगा जाने के लिए ऑटो में बैठा।

ऑटो चालक सीमित को पहले से जानता था। उसने तुरंत फोन कर सूचना दी कि जिस युवक की हत्या के आरोप में लोग जेल में हैं, वही युवक जिंदा ऑटो में बैठा है। इसके बाद सीमित को सीधे थाने लाया गया।

सीमित खाखा ने पुलिस को क्या बताया

पुलिस पूछताछ में सीमित खाखा ने बताया कि वह रोजगार की तलाश में झारखंड गया था। रांची पहुंचने के बाद वह अपने साथियों से अलग हो गया। इसके बाद वह गिरिडीह जिले के सरईपाली गांव में खेतों में मजदूरी करने लगा।

सीमित ने बताया कि उसके पास मोबाइल नहीं था, इसलिए वह अपने परिजनों या गांव के लोगों से संपर्क नहीं कर सका। वह क्रिसमस मनाने के लिए घर लौट रहा था, तभी इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। उसने यह भी कहा कि उसे अपने मर्डर केस की कोई जानकारी नहीं थी।

जिंदा युवक मिलने से पुलिस उलझन में

सीमित खाखा के जिंदा मिलने के बाद पुलिस कई गंभीर सवालों से घिर गई है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि अधजली लाश किसकी थी, गिरफ्तार लोगों ने असल में किसकी हत्या की, और सीमित के दोस्तों ने मर्डर की बात क्यों कबूल की।

SSP का बयान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि वास्तविक मृतक की पहचान के लिए राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पहले कार्रवाई की गई थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों की रिहाई के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, 22 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरनानगर-बालाछापर के बीच तुरीटोंगरी जंगल में एक युवक की अधजली लाश मिली थी। शव एक गड्ढे में पड़ा था और उसका चेहरा सहित शरीर का अधिकांश हिस्सा जला हुआ था।

पुलिस ने पंचनामा और घटनास्थल निरीक्षण के बाद मर्ग कायम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत को हत्या बताया गया, जिसके बाद धारा 103(1) और 238(क) के तहत केस दर्ज किया गया।

शराब के विवाद में हत्या का दावा

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम सिटोंगा निवासी सीमित खाखा अपने साथियों के साथ झारखंड मजदूरी करने गया था। उसके साथी लौट आए थे, लेकिन सीमित वापस नहीं आया।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को सीमित अपने साथियों रामजीत राम, विरेंद्र राम और एक नाबालिग के साथ जशपुर लौटा था। बस से उतरने के बाद सभी बांकी टोली स्थित बांकी नदी पुलिया के पास पहुंचे, जहां शराब पीने के दौरान कमीशन राशि को लेकर विवाद हुआ।

इसी दौरान रामजीत राम ने सीमित के सीने में चाकू से वार किया और विरेंद्र राम ने लोहे की रॉड से हमला किया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई।

शव की पहचान और गिरफ्तारी

अधजली लाश की पहचान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई थी, जहां सीमित की मां, पिता और भाई ने शव को सीमित खाखा का बताया। आरोपियों के बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किए गए, जिसमें उन्होंने हत्या स्वीकार की थी। सभी प्रक्रियाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई।

पुलिस ने पहले रामजीत राम, वीरेंद्र राम और नाबालिग को गिरफ्तार किया। बाद में फरार आरोपियों शीतल मिंज और जीतू राम को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

यह भी पढ़े -बुढ़ापे तक याददाश्त चाहिए मजबूत तो आज ही शुरू करें वेट ट्रेनिंग! घटेगा डिमेंशिया का खतरा: साइंस स्टडी का बड़ा खुलासा, दिमाग और शरीर दोनों होंगे मजबूत..

यह भी पढ़े -भारतमाला घोटाले में बड़ा खुलासा: EOW ने 7600 पन्नों का चालान पेश किया, करोड़ों का मुआवजा डकारने का आरोप.

यह भी पढ़े - लॉज के कमरे में जिंदा जले प्रेमी-प्रेमिका, संदिग्ध हालात में दर्दनाक मौत! हादसा या साजिश? फॉरेंसिक रिपोर्ट खोलेगी राज.

यह भी पढ़े - चाय के बाद पानी पीने से पाचन, दांत और एसिडिटी पर असर पड़ता है या नहीं? जानें हेल्थ एक्सपर्ट्स की सलाह

यह भी पढ़े -गले में कोबरा डालकर बना रहा था रील युवक , सांप के डसते ही हुई मौत..

यह भी पढ़े  -छत्तीसगढ़ की बेटियों को तोहफा: कॉलेज पढ़ाई के लिए हर साल 30 हजार देगी सरकार, जल्द शुरू होगा पंजीयन..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे 

https://chat.whatsapp.com/IpwXxsrsm4JK3nX8WVmi1J