रायपुर से दबोचे गए AAP सरपंच के हत्यारे! अमृतसर हत्याकांड के 2 शूटर अरेस्ट, रिश्तेदारों के घर छिपे थे..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : AAP के सरपंच की हत्या के बाद फरार हुए शूटरों को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है। अमृतसर में गोली मारकर की गई हत्या के बाद दोनों आरोपी छत्तीसगढ़ भाग आए थे और रायपुर में अपने रिश्तेदारों के घर छिपे हुए थे।

पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी के सरपंच की गोली मारकर हत्या की गई थी। वारदात के बाद 2 शूटर छत्तीसगढ़ पहुंच गए थे। रविवार को रायपुर पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों शूटरों को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

AAP सरपंच हत्याकांड: अमृतसर में गोली मारने वाले 2 शूटर रायपुर से गिरफ्तार

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रेस के जरिए पंजाब पुलिस को पता चला कि आरोपी रायपुर में छिपे हुए हैं। दोनों शूटरों की लोकेशन राजेंद्र नगर स्थित ऋषभ अपार्टमेंट में मिली। लोकेशन कन्फर्म होने के बाद पंजाब और रायपुर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान शूटर सुखराज और कर्मवीर को ऋषभ अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पंजाब पुलिस ने दोनों आरोपियों को रायपुर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर अमृतसर ले जाया गया। वहीं रायपुर पुलिस आरोपियों के रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। हत्या की साजिश, गैंग नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

अब पूरा मामला जानिए—
पंजाब के तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमल सिंह की 4 जनवरी को हत्या कर दी गई थी। वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अमृतसर के मैरी गोल्ड रिसॉर्ट पहुंचे थे।

शादी समारोह के दौरान दो बदमाश उनके पास पहुंचे और बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सरपंच मौके पर गिर पड़े। मैरिज पैलेस में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सरपंच को गोली मारते हुए शूटर CCTV कैमरे में कैद हो गए। फुटेज में दोनों शूटर बिना मुंह ढके पिस्टल लेकर धीरे-धीरे सरपंच के पास आते नजर आ रहे हैं। एक आगे रहता है और दूसरा पीछे। इसके बाद दोनों अपने कपड़ों में छिपी पिस्टल निकालते हैं।

CCTV में साफ दिखता है कि आगे वाला शूटर टेबल पर बैठकर खाना खा रहे सरपंच के पास पहुंचता है और पीछे से उनके सिर में गोली मार देता है। गोली लगते ही सरपंच टेबल पर गिर जाते हैं और दोनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि सरपंच पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमला हो चुका था।

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। जांच में सामने आया कि गैंगस्टर डोनी बल और प्रभ दासुवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर सरपंच की हत्या की जिम्मेदारी ली है।

पोस्ट में लिखा गया कि अमृतसर के मैरी गोल्ड रिसॉर्ट में वल्टोहा के सरपंच जरमल सिंह की हत्या की जिम्मेदारी डोनी बल, प्रभ दासुवाल, अफ्रीदी तूत, मोहब्बत रंधावा, अमर खब्बे और पवन शौकीन ले रहे हैं।

गैंगस्टर डोनी बल और प्रभ दासुवाल ने पोस्ट में यह भी लिखा कि सरपंच ने पुलिस को 35 लाख रुपये दिए थे और दासुवाल के साथ जाकर उनका घर खुलवाया था। उन्होंने दावा किया कि पहले भी दो बार हमला किया गया था, लेकिन सरपंच बच गया था।

पोस्ट में आगे लिखा गया कि सरपंच ने नाजायज तरीके से घरों से लड़कों को उठवाकर गोलियां चलवाईं, जिनका उनसे कोई लेना-देना नहीं था। इस बारे में पहले भी सोशल मीडिया पर जानकारी दी गई थी। सरपंच को फोन कर समझाया गया था, लेकिन वह नहीं सुधरा।

पोस्ट के अंत में अन्य गैंग और लोगों के नामों का भी जिक्र किया गया है, जिन पर नजर रखने की बात कही गई है।

बताया गया कि जरमल सिंह पहले अकाली दल से जुड़े हुए थे। उन्होंने दो बार अकाली दल के समर्थन से सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली। मौजूदा सरपंच का चुनाव भी उन्होंने आम आदमी पार्टी के समर्थन से ही जीता था।

यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..

यह भी पढ़े -जरूरत की खबर: छोटे बच्चों को चाय-कॉफी देना बन सकता है खतरा, फोकस और ब्रेन डेवलपमेंट पर पड़ता है सीधा असर..

यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.

यह भी पढ़े - दुर्ग के होटल में शारीरिक संबंध से इंकार पर गर्लफ्रेंड की हत्या! बाइक पर लाश बीच में बिठाकर रायपुर लाए आरोपी, रायपुर युवती हत्याकांड में बड़ा खुलासा ,यूपी से गिरफ्तार..

यह भी पढ़े -जीभ के स्वाद की चुकाई भारी कीमत! फास्टफूड के पत्ता गोभी से गया कीड़ा, दिमाग में बनी गांठें और चली गई युवती की जान..

यह भी पढ़े  -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे 

https://chat.whatsapp.com/IpwXxsrsm4JK3nX8WVmi1J