भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। धार्मिक स्थल की शांति उस वक्त भंग हो गई, जब जैतखाम परिसर में कथित रूप से एक युवक रॉड लेकर घुस आया। आरोप है कि उसने न केवल उत्पात मचाया, बल्कि जैतखाम को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
मामला दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित गुरु घासीदास नगर, वार्ड क्रमांक 7 के सार्वजनिक जय स्तंभ जैतखाम परिसर का है। सतनामी समाज का आरोप है कि नगर का ही एक युवक परिसर में घुसा और हंगामा करने लगा।
सतनामी समाज के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद कोसले ने बताया कि 10 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे सामूहिक आरती चल रही थी। इसी दौरान एक युवक अपनी मां के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक ने गेट पर लात मारी और हाथ में लोहे का रॉड लेकर समाज के लोगों को धमकाने लगा।
बताया गया कि गाली-गलौज करते हुए युवक जैतखाम को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आगे बढ़ रहा था, जिसे वहां मौजूद लोगों ने रोका। यह पूरा मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।
रोजाना होती है आरती, अनुमति के साथ चलता है साउंड बॉक्स
चंद्रिका प्रसाद कोसले के अनुसार, जय स्तंभ जैतखाम की स्थापना लगभग 30 वर्ष पहले नगरवासियों ने मिलकर की थी। हर साल 18 दिसंबर से 31 दिसंबर तक गुरु घासीदास जयंती का आयोजन भी इसी परिसर में किया जाता है।
उन्होंने बताया कि रोजाना सामाजिक आरती के दौरान एक छोटा साउंड बॉक्स चलाया जाता है, जिसके लिए एसडीएम से विधिवत अनुमति ली गई है। किसी भी तरह का बड़ा लाउडस्पीकर उपयोग में नहीं लिया जाता और आवाज सीमित दूरी तक ही रहती है।
मुख्य गेट को लात मारकर अंदर घुसने का आरोप
10 जनवरी की सुबह 7 से 7:30 बजे के बीच आरती के दौरान युवक ने मुख्य गेट को लात मारते हुए अंदर प्रवेश किया और रॉड लहराकर जय स्तंभ को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
आरोप है कि उसने समाज के लोगों को गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। उसके साथ मौजूद उसकी मां पर भी समाज के लोगों से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है।
समाज ने दिया था माफी मांगने का मौका
चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि समाज के लोगों ने स्थिति को शांत रखने की कोशिश की। युवक से कहा गया कि यदि आरती से किसी को परेशानी थी तो पहले प्रेमपूर्वक बात की जा सकती थी, लेकिन हथियार लेकर आना निंदनीय है।
उनका कहना है कि आरोपी के व्यवहार और भाषा से सतनामी समाज के प्रति घृणा और अपमान का भाव स्पष्ट दिख रहा था। इसके बावजूद समाज की ओर से उसे और उसकी मां को दो दिन का समय दिया गया था कि वे माफी मांग लें, लेकिन माफी नहीं मांगी गई।
कड़ी कार्रवाई की मांग
जैतखाम गुरुद्वारा के भंडारी लक्ष्मण गेंड्रे ने बताया कि पिछले 30 वर्षों से यहां नियमित रूप से सुबह-शाम आरती और भजन-कीर्तन होता आ रहा है। घटना वाले दिन भी आरती के दौरान आरोपी रॉड लेकर आया और दरवाजा लात मारकर अंदर घुस गया।
सतनामी समाज के महासचिव राजकुमार मारकंडेय ने कहा कि पूजा-पाठ में बाधा डालना और धार्मिक स्थल पर हमला करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान और न्याय की मांग की।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, गिरफ्तारी भी
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि दुर्ग एसएसपी ने पूरे मामले में सहयोग किया और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। सतनामी समाज की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले में आरोपी युवक और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे




