भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग में सूदखोरी के विवाद ने एक कारोबारी की जान ले ली और अब इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो महीने से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिससे मामले की परतें और खुल गई हैं।
यह मामला वेदुरवाडा निवासी कारोबारी संतोष आचारी की हत्या से जुड़ा है, जो सोना-चांदी के कारोबार के साथ ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। संतोष की पत्नी वी. रानी सोनी (46), निवासी शीतला नगर दुर्ग ने 7 नवंबर 2025 को सिटी कोतवाली थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रानी सोनी ने पुलिस को बताया था कि उनके पति ने दादू सोनी को ब्याज पर रकम दी थी। लंबे समय से पैसा वापस नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था। यही विवाद धीरे-धीरे रंजिश में बदल गया।
पत्नी को पहले ही दी थी विवाद की जानकारी
घटना वाले दिन 7 नवंबर 2025 की तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच संतोष आचारी ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि दादू सोनी से पैसे मांगने को लेकर झगड़ा हो गया है। उसने यह भी बताया था कि इस विवाद में दादू सोनी का बेटा और उसके कुछ साथी भी शामिल थे।
सुबह करीब 7 बजे अस्पताल से परिवार को संतोष आचारी की हत्या की सूचना मिली। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 567/2025 के तहत धारा 103(1), 331(8), 111(2)(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया सामूहिक हमले का सच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि आपसी विवाद और पुरानी रंजिश का नतीजा थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल 10 आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने सामूहिक रूप से मारपीट कर हत्या करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त किए गए। सभी 10 आरोपियों को 8 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
दो महीने से फरार आरोपी की तलाश जारी थी
इस हत्याकांड में आरोपी धनराज सेन उर्फ धन्नु लगातार फरार चल रहा था। सिटी कोतवाली पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 15 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शिवनाथ नदी के पास शिव मंदिर क्षेत्र में देखा गया है।
शिवनाथ नदी किनारे दबोचा गया आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम धनराज सेन उर्फ धन्नु (28), निवासी ढीमर पारा दुर्ग बताया और हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक अन्य आरोपी अर्पित सिंह अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस को जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी
इस हत्याकांड में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें चैत्रराम सोनी उर्फ दादू, मनीष सोनी, तरुण सोनी, शिवा सोनी, अनिल कुमार यादव, हिरा सोनी, अमन उर्फ टिकेंद्र तिवारी, राहुल ढीमर, घनश्याम ढीमर, योगेश ठाकुर और धनराज सेन उर्फ धन्नु शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे




