भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले के उतई नगर पंचायत में गंदे पानी ने लोगों की सेहत पर सीधा हमला कर दिया है। वार्ड क्रमांक 14 और 15 में पीलिया के लगातार सामने आ रहे मामलों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। बीते करीब एक महीने से मरीज मिल रहे हैं, जिससे पूरे नगर पंचायत में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नालियों में जमा गंदे पानी के कारण घरों और सार्वजनिक हैंडपंपों के जलस्रोत दूषित हो गए थे। कई घरों में बदबूदार पानी आने लगा था। शुरुआत में कुछ परिवारों को लगा कि उनके घर के पानी की वजह से बीमारी हुई है, लेकिन धीरे-धीरे पूरे मोहल्ले में एक जैसे लक्षण दिखने लगे।
मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। करीब 20 मरीजों के घर जाकर उनकी स्थिति का जायजा लिया गया। जांच में सामने आया कि ज्यादातर लोग बोरिंग और हैंडपंप के पानी का उपयोग कर रहे थे। एहतियातन वार्ड के एक कॉमन हैंडपंप को तत्काल बंद कर दिया गया और संदिग्ध जलस्रोतों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
वार्ड 15 में एक नल कनेक्शन के सामने स्थित घर में 12 लोग रहते हैं, जिनमें से तीन लोग पीलिया से पीड़ित पाए गए। आसपास के घरों के पानी के सैंपल भी लिए गए, हालांकि वहां अन्य मरीज नहीं मिले। वहीं वार्ड 14 में पहले ही 12 मरीज सामने आ चुके थे। स्वास्थ्य विभाग ने एक बोरिंग को प्रभावित मानते हुए उसे तुरंत बंद कर दिया है। विभाग का कहना है कि वार्ड 14 के सभी मरीज अब ठीक हो चुके हैं।
बीएमओ डॉ. देवेंद्र बेलचंदन ने बताया कि डॉक्टरों की टीम ने प्रभावित घरों में जाकर जानकारी ली है। फिलहाल दो नए घरों में हल्के लक्षण दिखाई दिए थे, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने क्लोरीन टैबलेट और जरूरी दवाइयों का वितरण किया है। लोगों को केवल उबला हुआ पानी पीने की सख्त सलाह दी गई है। मितानिनों द्वारा घर-घर सर्वे कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रभावित क्षेत्रों में एहतियातन सार्वजनिक हैंडपंप और बोरिंग बंद कर दिए गए हैं। नगर पंचायत द्वारा टैंकर के जरिए शुद्ध पानी की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही नालियों की सफाई और कीटनाशक छिड़काव का काम तेज़ी से किया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र नायक ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी घरों के पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन वार्ड 14 और 15 में स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे




