दुर्ग पुलिस ने व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए आरोपियों के कब्जे से 23 हजार रुपए नकद और 7 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना भिलाई नगर क्षेत्र के सिविक सेंटर भिलाई में मुन्ना जूस कार्नर के पास कुछ लोग मोबाइल व्हाट्सऐप के माध्यम से जुआ-सट्टा खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नरेश देवांगन को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन और 3,000 रुपए नकद सट्टा राशि बरामद की गई। वहीं मौके पर मौजूद चिण्टू कुमार के पास से भी एक मोबाइल फोन और 5,000 रुपए नकद सट्टा रकम मिली। इस तरह पहले मामले में कुल 8,000 रुपए नकद और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सेक्टर-06 सी मार्केट भिलाई में जुआ-सट्टा खिलाए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने दबिश देकर कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलू, भीष्म कुमार देवांगन, दीपक कुमार, गिरधर रेड्डी और संजय सेनापति को मौके से गिरफ्तार किया।
इन आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 15,000 रुपए नकद और सट्टा नंबर लिखी हुई एक कॉपी बरामद की गई। इस मामले में भी थाना भिलाई नगर में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को धारा 6 और 7 के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नरेश देवांगन (44) सेक्टर-06 भिलाई, चिण्टू कुमार (37) रिसाली नेवई, कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलू (56) सेक्टर-04 भिलाई, भीष्म कुमार देवांगन (48) सेक्टर-07 भिलाई, दीपक कुमार शंकर नगर दुर्ग, गिरधर रेड्डी सेक्टर-10 भिलाई और संजय सेनापति शांति नगर सुपेला निवासी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे



