ऋषि का इलाज भिलाई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि ऋषि के कुछ दोस्तों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। दोस्तों और अन्य लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। मृतक का पोस्टमार्टम सुपेला के सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। अभी हर एंगल से जांच जारी है।
परिजनों के मुताबिक पूरी घटना 20 जनवरी की है। ऋषि के पिता ने बताया कि दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच तीन युवक ऋषि को अपने साथ ले गए थे। बताया गया कि वे उसे दुर्ग के इंदिरा मार्केट के पास स्थित एक होटल में लेकर गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
पिता का आरोप है कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, इसी बात को लेकर उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। हालांकि ऋषि ने इस घटना की जानकारी न तो अपने परिवार को दी और न ही पुलिस में कोई शिकायत दर्ज कराई। यह बात बाद में दोस्तों के जरिए सामने आई।
पिता के अनुसार मारपीट के बाद आरोपी ऋषि को होटल में ही छोड़कर चले गए। इसके बाद ऋषि ने अपने दोस्तों को फोन किया। दोस्त होटल पहुंचे और उसे वहां से घर लेकर आए। जब वह घर पहुंचा तो उसकी आंख और कान सूजे हुए थे। पूछने पर उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
दो दिन बाद ऋषि की तबीयत बिगड़ने लगी। पहले उसे पास के एक डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे भिलाई के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। रात करीब 12 बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, इलाज शुरू हुआ, लेकिन दो घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई।
ऋषि के पिता ने आरोप लगाया कि उसके सिर, आंख और छाती पर चोट के निशान थे। उनका कहना है कि चार से पांच लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की है और ये सभी उसके जान-पहचान और दोस्त थे।
पिता ने दुर्ग के युवक मेजर सागर का नाम भी लिया है और आरोप लगाया है कि उसी ने ऋषि को स्टेशन रोड से कार में बैठाकर ले गया था। बेटे की मौत से टूट चुके पिता ने रोते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उनका इकलौता बेटा चला गया और अब उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए।
इस पूरे मामले में दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि युवक की इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर थाने में मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सीएसपी ने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है। दोस्तों और अन्य परिजनों को बुलाकर बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों पर कुछ कहा जा सकेगा।
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे



