छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में आरोपी सूरज ध्रुव को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लालच और लूट की नीयत से महिला की हत्या कर शव को जलाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला के पहने हुए गहने और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
इस मामले की शुरुआत 2 अप्रैल 2025 को हुई, जब प्रार्थी देवदास चेलक ने तुमगांव थाना क्षेत्र के कोडार डेम के सागौन जंगल में एक अज्ञात महिला का जला हुआ और क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
यह केस पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था, क्योंकि मृत महिला की पहचान नहीं हो पा रही थी। डीएनए टेस्ट के जरिए पुलिस ने मृतिका की पहचान सुनीता रजक, पति राजेश रजक, उम्र 55 वर्ष, निवासी धमतरी के रूप में की।
पहचान होने के बाद परिजनों ने बताया कि सुनीता रजक अपनी बड़ी बहन के घर ग्राम पटेवा मड़ई मेला देखने आई थी। 30 जनवरी 2025 को वह पटेवा से महासमुंद जाने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति से मोटरसाइकिल में लिफ्ट लेकर निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। इस संबंध में थाना पटेवा में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
मामले में आगे जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए एक साल तक लगातार प्रयास किए। टेक्निकल टीम की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस को सूरज ध्रुव, पिता हृदय ध्रुव, निवासी ग्राम खुंटेरी, थाना खल्लारी के बारे में अहम सुराग मिले।
पूछताछ में आरोपी सूरज ध्रुव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पहले भी 1 अप्रैल 2018 को अपनी पत्नी संतोषी ध्रुव की हत्या के मामले में तुमगांव थाने में दर्ज केस में दिसंबर 2024 तक जेल की सजा काट चुका है। जेल से छूटने के बाद वह अपने बहन और जीजा के घर ग्राम कौंवाझर में रह रहा था और अपने जीजा की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था।
30 जनवरी 2025 को सूरज ध्रुव मोटरसाइकिल लेकर पटेवा बस्ती की ओर गया था। वापसी के दौरान ग्राम पटेवा के नंदी चौक के पास महिला सुनीता रजक ने उससे लिफ्ट मांगी। आरोपी ने उसे महासमुंद छोड़ने का झांसा देकर कोडार डेम घुमाने ले गया। वहां उसने महिला को काम दिलाने और अपने साथ रखने का लालच देकर अपने जीजा के घर के पीछे एक बंद पड़े मकान में रहने की व्यवस्था की।
करीब डेढ़ महीने बाद जब महिला ने अपने घर लौटने की जिद की और उससे विवाद होने लगा, तब आरोपी के मन में लालच आ गया। मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में एक शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच, उसने महिला को खाना खिलाया और महासमुंद छोड़ने के बहाने मोटरसाइकिल में बैठाकर कोडार बस्ती पार कर कच्ची सड़क वाले सागौन प्लाट में ले गया।
सुनसान जंगल में मोटरसाइकिल खराब होने का बहाना बनाकर उसने महिला को नीचे उतारा और पीछे से साड़ी खींचकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने महिला के सोने-चांदी के गहने उतार लिए और पहचान छुपाने के लिए सूखे पत्ते और लकड़ी डालकर शव को जला दिया। महिला का बैग, सैंडल, दवाइयां और अन्य सामान भी जलाकर वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो नग सोने के टॉप, दो नग चांदी की पायल, छह नग चांदी की बिछिया, बैग में रखा एक सोने का झुमका और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 06 GA 3140) जब्त की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे




