सरकारी धान गायब तो कांग्रेस ने निकाली “चूहों की बारात”, दुर्ग में अनोखा विरोध, SDM को सौंपा जिंदा चूहा..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : सरकारी गोदामों से धान गायब होने के मामले ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने दुर्ग में ऐसा विरोध प्रदर्शन किया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सड़कों पर “चूहों की बारात” निकाल दी।

मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राजीव भवन से लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय तक प्रतीकात्मक बारात निकाली। कार्यकर्ता बाराती बने, ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते नजर आए और हाथों में जाली में बंद जिंदा चूहे लेकर प्रदर्शन किया।

सरकारी धान गायब मामले में दुर्ग में कांग्रेस की चूहों की बारात, SDM को सौंपा गया जिंदा चूहा

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार सरकारी गोदामों से गायब हुए धान के बड़े घोटाले से ध्यान हटाने के लिए चूहों को जिम्मेदार ठहरा रही है। इसी तर्क को आधार बनाते हुए कांग्रेस ने यह अनोखा प्रदर्शन किया।

बारात के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही प्रशासन को जिंदा चूहा भी सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि अगर सरकार के मुताबिक चूहे ही धान गायब कर रहे हैं, तो फिर वही चूहे प्रशासन को सौंपे जा रहे हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कवर्धा जिले में करीब 7 करोड़ रुपये और महासमुंद जिले में लगभग 5 करोड़ रुपये का धान गायब हुआ है। उन्होंने इसे छोटी गलती नहीं बल्कि बड़ा घोटाला बताया।

राकेश ठाकुर ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी सरकार ने अपने घोटाले का दोष बेजुबान जानवरों पर मढ़ा है। अगर वाकई चूहों ने धान खा लिया, तो गोदामों की सुरक्षा, निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धान ठिकाने लगाने वाले लोग खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें संरक्षण मिल रहा है।

कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जब तक स्वतंत्र एजेंसी से जांच नहीं होती, सच्चाई सामने नहीं आएगी। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि उनके बयानों पर तो ईडी और सीबीआई कार्रवाई करती है, लेकिन इस मामले में कोई जांच नहीं हो रही।

अंत में कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस धान घोटाले को दबाने की कोशिश करती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पार्टी ने जनता से इस मुद्दे पर जागरूक होने और साथ खड़े होने की अपील की है।

यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..

यह भी पढ़े -जरूरत की खबर: छोटे बच्चों को चाय-कॉफी देना बन सकता है खतरा, फोकस और ब्रेन डेवलपमेंट पर पड़ता है सीधा असर..

यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.

यह भी पढ़े - दुर्ग के होटल में शारीरिक संबंध से इंकार पर गर्लफ्रेंड की हत्या! बाइक पर लाश बीच में बिठाकर रायपुर लाए आरोपी, रायपुर युवती हत्याकांड में बड़ा खुलासा ,यूपी से गिरफ्तार..

यह भी पढ़े -जीभ के स्वाद की चुकाई भारी कीमत! फास्टफूड के पत्ता गोभी से गया कीड़ा, दिमाग में बनी गांठें और चली गई युवती की जान..

यह भी पढ़े  -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे 

https://chat.whatsapp.com/IpwXxsrsm4JK3nX8WVmi1J