भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई, शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रविवार सुबह सुपेला संडे मार्केट में नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। सुबह करीब 6 बजे निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिससे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध की आशंका को देखते हुए सुपेला, छावनी, खुर्सीपार, सेक्टर-6 कोतवाली और जामुल थाने की पुलिस टीमें तैनात रहीं। महिला पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।
निगम प्रशासन ने यह कार्रवाई पूरी योजना के साथ की। शनिवार देर रात ही दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की सूचना दे दी गई थी। इसके साथ ही पुलिस फोर्स ने रात में पूरे क्षेत्र में गश्त कर दुकानदारों को आने वाली कार्रवाई के प्रति सचेत किया था।
सुबह तय समय पर निगम की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानें और अस्थायी निर्माण हटाने का काम शुरू कर दिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण किसी भी दुकानदार ने विरोध नहीं किया और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
शनिवार देर रात भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला था। इस दौरान आसपास के थानों के टीआई भी मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की मांग की गई है।
गौरतलब है कि सुपेला संडे मार्केट में बेतरतीब तरीके से दुकानें लगने के कारण हर रविवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती थी। सड़क पर अतिक्रमण की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
लगातार मिल रही शिकायतों और लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम ने यह कदम उठाया। कुछ दिन पहले इस मामले को लेकर कलेक्टर से भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे




