छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 2026-27 सत्र से लागू होने वाले नए शुल्क तय किए हैं। इसके तहत नियमित परीक्षार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा, अंकसूची और प्रति विषय प्रैक्टिकल शुल्क मिलाकर 800 रुपये देने होंगे। इससे पहले यह शुल्क 460 रुपये था।
बोर्ड परीक्षा के आवेदन फार्म के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले आवेदन के लिए 80 रुपये लिए जाते थे, जो अब बढ़कर 150 रुपये हो गए हैं। हालांकि प्रवेश पत्र की द्वितीय प्रति के शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह 80 रुपये ही रहेगा।
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा शुल्क बढ़ाने का निर्णय माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में करीब 22 अलग-अलग मदों के शुल्क में वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इनमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, एक विषय और दो विषय की परीक्षा, द्वितीय मुख्य व अवसर परीक्षा से जुड़े शुल्क शामिल हैं।
इस फैसले का असर स्वाध्यायी छात्रों पर भी पड़ा है। प्रदेश के स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन और अनुमति शुल्क में लगभग डेढ़ गुना बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां 560 रुपये देने होते थे, अब इसके लिए 800 रुपये चुकाने होंगे।
वहीं राज्य के नए छात्रों और राज्य से बाहर के छात्रों के पंजीयन व अनुमति शुल्क में भी इजाफा किया गया है। पहले यह शुल्क 1,540 रुपये था, जो अब बढ़कर 2,000 रुपये हो गया है।
विषयवार परीक्षा शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। एक विषय की परीक्षा के लिए अब 400 रुपये देने होंगे, जो पहले 280 रुपये थे। दो विषय की परीक्षा का शुल्क 340 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इससे पहले वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षा और संबंधित शुल्कों में बदलाव किया था। पांच साल बाद दोबारा शुल्क बढ़ने से छात्रों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की संभावना है।
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे



