छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसे: कोरबा में युवा कांग्रेस नेता समेत 2 की मौत, रायपुर में सरकारी वाहन से छात्र की गई जान..

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात और सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। कोरबा और रायपुर में हुए इन हादसों में कुल तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

पहली घटना कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र की है। यहां बिलासपुर के एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में जोंधरा निवासी और ऑटोमोबाइल एजेंसी मालिक ढालू अग्रवाल की भी जान चली गई। वहीं मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।

छत्तीसगढ़ सड़क हादसा: कोरबा में युवा कांग्रेस नेता की मौत, रायपुर में सरकारी वाहन से छात्र की जान गई

थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, चारों युवक गुरुवार रात करीब 9.30 बजे बिलासपुर से बालको बारात में शामिल होने के लिए कार (सीजी 10 बीएफ 9922) से रवाना हुए थे। कोरबा में प्रवेश करते समय रास्ता भटकने के कारण उनकी तेज रफ्तार कार बिलासपुर-उरगा भारतमाला नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित हो गई।

भारत माला नेशनल हाईवे फिलहाल निर्माणाधीन है। तेज रफ्तार कार हाईवे के आखिरी हिस्से में खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। चालक नियंत्रण खो बैठा और कार गड्ढे में गिरते हुए तीन बार पलटी खा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

इस भीषण हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल के सिर और सीने में गंभीर चोट आई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे आ रहे दोस्तों ने बिना पुलिस को सूचना दिए घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे से करीब 40 मिनट पहले चारों युवक बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। वहां से कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात के बाद वे बालको के लिए रवाना हुए थे। पुलिस ने शवों को केजीएन अस्पताल में रखवाकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। यहां शुक्रवार सुबह सीएम हाउस के पास तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने स्कूल जा रहे EV स्कूटर सवार भाई-बहन को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 14 वर्षीय अंश आठवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी बहन नमिसा गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसा सुबह करीब 7.50 बजे छत्तीसगढ़ क्लब के सामने हुआ। टक्कर के बाद सरकारी वाहन का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल नमिसा को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि सरकारी वाहन तेज रफ्तार में था। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।

यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..

यह भी पढ़े -जरूरत की खबर: छोटे बच्चों को चाय-कॉफी देना बन सकता है खतरा, फोकस और ब्रेन डेवलपमेंट पर पड़ता है सीधा असर..

यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.

यह भी पढ़े - दुर्ग के होटल में शारीरिक संबंध से इंकार पर गर्लफ्रेंड की हत्या! बाइक पर लाश बीच में बिठाकर रायपुर लाए आरोपी, रायपुर युवती हत्याकांड में बड़ा खुलासा ,यूपी से गिरफ्तार..

यह भी पढ़े -जीभ के स्वाद की चुकाई भारी कीमत! फास्टफूड के पत्ता गोभी से गया कीड़ा, दिमाग में बनी गांठें और चली गई युवती की जान..

यह भी पढ़े  -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे 

https://chat.whatsapp.com/IpwXxsrsm4JK3nX8WVmi1J