इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किए जाने के फैसले के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का ऐलान कर दिया।
पाकिस्तान सरकार ने रविवार को स्पष्ट किया कि देश की टीम T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी। सरकार का यह फैसला ICC द्वारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाए जाने के बाद लिया गया है। बांग्लादेश सरकार ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई थीं।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार, पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में भाग लेने की अनुमति देती है, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में टीम हिस्सा नहीं लेगी।
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इस बैठक में वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी और भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर चर्चा हुई थी। नकवी ने कहा था कि शुक्रवार या सोमवार तक अंतिम फैसला लिया जाएगा, जिसके बाद रविवार को सरकार ने अपना निर्णय सुना दिया।
T20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान टीम में सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक को शामिल किया गया है।
पाकिस्तान पूरी तरह वर्ल्ड कप से बाहर क्यों नहीं हो सकता, इस पर भी स्थिति साफ है। PCB ने भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की सुरक्षा चिंताओं का समर्थन किया है, लेकिन वह ICC के नियमों के दायरे में रहना चाहता है ताकि उस पर कोई कार्रवाई न हो।
BCCI, PCB और ICC के बीच त्रिपक्षीय समझौते के तहत 2027 तक भारत-पाकिस्तान के सभी ICC मुकाबले तटस्थ स्थानों पर खेले जाने हैं। पाकिस्तान इस समझौते को तोड़ नहीं सकता। इसके अलावा पाकिस्तान का पूरा वर्ल्ड कप शेड्यूल श्रीलंका में तय है और फाइनल भी वहीं खेला जाएगा।
मोहसिन नकवी ने वर्ल्ड कप छोड़ने की धमकी ICC द्वारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने के बाद दी थी। उनकी जगह स्कॉटलैंड को एंट्री दिए जाने से नाराज PCB ने सरकार के फैसले पर निर्भर रहने की बात कही थी। नकवी ने अखबार द डॉन से कहा था कि ICC ने बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया है।
इसके बाद ICC ने PCB को चेतावनी दी थी कि अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप से हटता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार की वजह भी सामने आई थी। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के बाद BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी थी। इसके जवाब में बांग्लादेश सरकार ने IPL प्रसारण पर रोक लगाई और खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देकर T20 वर्ल्ड कप के वेन्यू बदलने की मांग की थी।
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे



