मामला छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले का है, जहां खुद को तांत्रिक बताने वाला विजय कुमार राज (48) लोगों को 2.50 लाख रुपए को 2.50 करोड़ बनाने का दावा कर रहा था। उसने बिल्हा के संबलपुरी गांव में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान का वीडियो बनवाया। वीडियो में पैसों की गड्डी के सामने नारियल और अगरबत्ती रख पूजा दिखाई गई, जिसके बाद ऊपर से पैसों की बारिश होती नजर आई।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस ठगी में तांत्रिक के साथ तीन महिलाएं और एक सरपंच पति भी शामिल थे। आरोपी रिखीराम नवरंग, जो बिल्हा के गांव संबलपुर का सरपंच पति है और कांग्रेस समर्थित बताया गया है, तांत्रिक के अनुष्ठान में सहयोग करता था। तीनों महिलाएं लोगों को झांसे में लेने का काम करती थीं।
जानकारी के मुताबिक, 30 जनवरी को कोरिया के चार युवकों को इसी दावे के साथ बिल्हा बुलाया गया था, जहां ‘पैसों की बारिश’ का नाटक रचकर उनसे रुपए ठगे गए। इसके अगले दिन 31 जनवरी को तांत्रिक विजय कुमार राज ठगी की रकम लेकर निकला था।
रात करीब 3:30 बजे, रतनपुर में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए उसने अपनी कार रोकी। तभी दो कारें वहां आकर रुकीं, जिनमें सवार वही चार पीड़ित युवक थे। उन्होंने तांत्रिक के साथ मारपीट की और उसकी स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। टेक्निकल साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम अंबिकापुर और कोरिया पहुंची, जहां से 2 फरवरी को मारपीट और लूट के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया। पुलिस ने लूटी गई कार, मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा और अर्टिगा कार भी जब्त की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने तांत्रिक से बदला लेने की भावना से लूटपाट की। विजय कुमार राज ने तंत्र विद्या के जरिए पैसे बढ़ाने का झांसा देकर उनसे रुपए लिए थे और वापस देने से इनकार कर दिया था।
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कथित तांत्रिक खुद भी ठगी का आरोपी है। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बिल्हा थाने में तांत्रिक और उसके सहयोगियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। वहीं, ठगी के आरोपियों से 1 लाख 85 हजार रुपए बरामद किए गए हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि झाड़-फूंक या तंत्र विद्या से पैसे डबल करने जैसे दावों के झांसे में न आएं। ऐसे लोग लालच देकर भोले-भाले नागरिकों को ठगी का शिकार बनाते हैं।
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे



