पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में उगाई जा रही अफीम की फसल को जब्त किया था। जब्त किए गए अफीम के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मक्का के खेत के बीच छिपाकर उगाई जा रही थी अफीम
पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी जेवरा-सिरसा इलाके में ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में अवैध अफीम की खेती की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मक्का और भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि बाहरी लोगों को इस पर आसानी से शक न हो सके।
5 एकड़ से अधिक जमीन में फैली थी अफीम की खेती
संयुक्त पुलिस टीम ने खेत का निरीक्षण कर करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में लगे अफीम के पौधों को जब्त किया। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए पौधों की कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, अब चौथा भी पकड़ाया
पुलिस जांच के दौरान पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें विकास बिश्नोई (जोधपुर, राजस्थान), विनायक ताम्रकार (तेमरापारा, दुर्ग) और मनीष उर्फ गोलू ठाकुर (समोदा) शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराने में छोटू राम की अहम भूमिका थी। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
खेती के लिए ट्रैक्टर, जेसीबी और हार्वेस्टर का इस्तेमाल
पुलिस ने आरोपियों से खेती में उपयोग किए जा रहे कई उपकरण भी जब्त किए हैं। इनमें 2 ट्रैक्टर, 2 जेसीबी, 2 मोटरसाइकिल और 1 हार्वेस्टर शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
वहीं आरोपी छोटू राम के पास से नकद 2220 रुपये और एक स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
यह भी पढ़े -2026 में बिना पंचांग देखे शादी-गृह प्रवेश, जानिए साल की 7 सबसे शुभ तिथियां! हर मांगलिक कार्य होगा सिद्ध..
यह भी पढ़े - New Year 2026: सूर्य का साल रहेगा 2026, घर लाएं ये शुभ चीजें, बढ़ेगा मान-सम्मान और तरक्की.
यह भी पढ़े -सर्दियों में वर्कआउट बना सकता है दिल के लिए खतरा, ठंड में एक्सरसाइज से पहले जान लें ये जरूरी नियम..
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे

.jpg)

